विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक विषय नहीं बल्कि मानव अस्तित्व से जुड़ा महत्वपूर्ण संकल्प है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को बचाने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आकर सामूहिक प्रयास करने होंगे।

डॉ. बिंदल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर भारतीय जनता पार्टी कई वर्षों से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत विश्व पर्यावरण दिवस पर पूरे हिमाचल प्रदेश में पौधारोपण कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। भाजपा आगामी दो माह तक इसे विशेष अभियान के रूप में चलाएगी।

उन्होंने कहा कि जुलाई माह में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। भाजपा ने प्रदेश के लगभग 8000 बूथों पर प्रत्येक बूथ स्तर पर 25 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस योजना के तहत पूरे प्रदेश में लगभग दो लाख पौधों का रोपण किया जाएगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 7 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। इन वर्षों में देश ने विकास, सुशासन, गरीब कल्याण, आधारभूत ढांचे, राष्ट्रीय सुरक्षा और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं।

उन्होंने बताया कि भाजपा पूरे प्रदेश में जनजागरण अभियान चलाएगी, जिसमें स्वच्छता कार्यक्रम, मीडिया संवाद, जनसंपर्क अभियान और विभिन्न जनकल्याण गतिविधियां शामिल होंगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा।

डॉ. बिंदल ने जानकारी दी कि भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा 12 जून को शिमला पहुंचेंगे। 12 और 13 जून को आयोजित कार्यक्रमों के दौरान महाजनसंपर्क अभियान के माध्यम से केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को जनता के बीच रखा जाएगा।

प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए डॉ. बिंदल ने शिक्षण संस्थानों को बंद करने के फैसले की आलोचना की। उन्होंने कहा कि रोनहाट, कुपवी और अन्य क्षेत्रों के कॉलेजों व संस्थानों को बंद करना विद्यार्थियों और दूरदराज के क्षेत्रों के युवाओं के हितों के खिलाफ है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने अब तक लगभग 2000 स्कूल, कॉलेज और अन्य संस्थानों को बंद किया है, जिससे प्रदेश के विकास और शिक्षा व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। भाजपा जनता के हितों, पर्यावरण संरक्षण और प्रदेश के विकास के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी।

माँ शूलिनी मेला 2026: 26 से 28 जून तक सोलन में होगा भव्य आयोजन

error: Content is protected !!