अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बसंतपुर स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के स्थापना दिवस समारोह में विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्रत्येक छात्र तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा विकसित समाज की नींव है और समाज के समग्र विकास में शिक्षित नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
इस अवसर पर विधायक ने लगभग 5.40 लाख रुपये की लागत से बनने वाले पुस्तकालय भवन एवं सभागार भवन का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
संजय अवस्थी ने बताया कि मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के अवसर प्रदान करने के लिए डॉ. वाई.एस. परमार विद्यार्थी ऋण योजना शुरू की गई है, जिसके तहत मात्र एक प्रतिशत ब्याज दर पर 20 लाख रुपये तक का शिक्षा ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार नशे जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लोगों से अपने आसपास स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने हरथू खेल मैदान, बैरटी सड़क निर्माण तथा ठांगर स्नानागार के लिए एक-एक लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा विभिन्न महिला मंडलों और युवक मंडल को 11-11 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा भी की।
उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को 2100 रुपये तथा आयोजन समिति को 21 हजार रुपये देने की घोषणा की। विधायक ने क्षेत्र की विभिन्न सड़क एवं सिंचाई परियोजनाओं के लिए भी आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में छात्रों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जबकि विश्व पर्यावरण दिवस पर आधारित विशेष प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


