
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में गुरुवार दोपहर अचानक आए भीषण तूफान, भारी बारिश और ओलावृष्टि ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। तेज हवाओं और खराब मौसम के कारण लोग घरों में रहने को मजबूर हो गए, जबकि कई क्षेत्रों में यातायात भी प्रभावित रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने शुक्रवार के लिए कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं चंबा, कांगड़ा और सोलन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 10 जून तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। गुरुवार को शिमला में मात्र एक घंटे के भीतर 32.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा सुंदरनगर, कुफरी, सोलन, मनाली और अन्य क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गई।
तापमान की बात करें तो लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बिलासपुर के नेरी में अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
