हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सराज क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। बगस्याड़-शिकावरी सड़क पर एलएनटी मशीन लेकर जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना रात करीब 10:45 बजे हुई। ट्रक में भारी एलएनटी मशीन लदी हुई थी। सड़क की चौड़ाई कम होने और मार्ग की खराब स्थिति के कारण ट्रक में मौजूद दूसरा व्यक्ति वाहन से उतरकर चालक को रास्ता दिखा रहा था।
बताया जा रहा है कि कांढी गांव से लगभग 200 मीटर आगे पहुंचते ही ट्रक अचानक संतुलन खो बैठा और गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के समय ट्रक के पीछे चल रही कार में सवार स्थानीय निवासी तारा चंद ने तुरंत गांव वालों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद चालक को खाई से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए बगस्याड़ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान संतोष कुमार (38) पुत्र हेम सिंह निवासी गांव गैहरा, सरकाघाट (मंडी) के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
