राजीव ख़ामोश, कुठाड़ : बी. एल. सेंट्रल पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार की होनहार पूर्व छात्रा पारुल राज ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर MBBS में चयन हासिल कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। पारुल का चयन डा. यशवंत सिंह परमार राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, नाहन में हुआ है।

MBBS में चयन के बाद पारुल अपने माता-पिता देव राज व इंदु बाला के साथ विद्यालय पहुंचीं, जहां विद्यालय परिवार ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया। विद्यालय अध्यक्ष गोपाल शर्मा व मुख्याध्यापिका सुषमा शर्मा ने उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई दी तथा स्मृति चिन्ह, मफलर व नकद राशि देकर सम्मानित किया। उनके माता-पिता को भी मफलर भेंट कर सम्मानित किया गया।

विद्यालय अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने पारुल राज को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सफलता विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने पारुल के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए एक सफल एवं संवेदनशील चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करने की शुभकामनाएं दीं। PTA अध्यक्ष रतन तंवर, उप-प्रधानाचार्य व समस्त अध्यापकों ने भी पारुल और उनके माता-पिता को बधाई दी।

error: Content is protected !!