अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही समाज के समग्र विकास की मजबूत नींव होती है। वे गत दिवस अर्की विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बवासी में आयोजित वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे।

इससे पूर्व विधायक संजय अवस्थी ने विद्यालय परिसर में लगभग 23 लाख रुपये की लागत से निर्मित अतिरिक्त स्कूल भवन का विधिवत लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के गतिशील नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। विद्यालय स्तर से लेकर महाविद्यालय एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों तक छात्रों को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण और रोजगारोन्मुख शिक्षा प्रदान की जा रही है।

संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा क्षेत्र में किए गए संवेदनशील और दूरदर्शी प्रयासों, अध्यापकों की कड़ी मेहनत तथा छात्रों के परिश्रम का ही परिणाम है कि आज हिमाचल प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में देशभर में पांचवें स्थान पर पहुंच गया है।

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए केवल आधुनिक शिक्षा ही नहीं, बल्कि संस्कारयुक्त शिक्षा भी अत्यंत आवश्यक है। ऑनलाइन युग में बच्चों को जिम्मेदार नागरिक बनाने के लिए अपनी समृद्ध संस्कृति और नैतिक मूल्यों से जोड़ना जरूरी है। इस दिशा में अध्यापकों के साथ-साथ अभिभावकों की भूमिका भी अहम है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के साथ अधिक समय बिताने, उनकी समस्याओं को समझने और उनसे संवाद बनाए रखने का आह्वान किया। उनका कहना था कि माता-पिता और बच्चों के बीच मजबूत रिश्ता समाज में नशे जैसी समस्याओं को दूर करने में सहायक बन सकता है।

विधायक ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, दृढ़ संकल्प और अनुशासन के साथ कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने गरीब वर्ग के मेधावी छात्रों के लिए डॉ. वाई.एस. परमार ऋण योजना के तहत मात्र एक प्रतिशत ब्याज दर पर 20 लाख रुपये तक की सुविधा शुरू की है। उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों से आग्रह किया कि इस योजना की जानकारी पात्र छात्रों तक अवश्य पहुंचाई जाए, ताकि उनका भविष्य सुरक्षित बन सके।

इस अवसर पर संजय अवस्थी ने विद्यालय के मेधावी छात्रों को पुरस्कार प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों और सहायता राशि की भी घोषणाएं कीं, जिनमें पाठशाला के अतिरिक्त कमरों के निर्माण के लिए 6 लाख रुपये, भनोट से मान संपर्क मार्ग के लिए 1 लाख रुपये, राजकीय प्राथमिक विद्यालय ज्यालंग के संपर्क मार्ग के लिए 1 लाख रुपये, महिला मंडलों को 21-21 हजार रुपये, सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों की ड्रेस के लिए 11 हजार रुपये, आयोजन समिति को 21 हजार रुपये तथा स्कूल के बच्चों के लिए 5100 रुपये शामिल हैं।

विद्यालय के कार्यकारी प्रधानाचार्य मुकेश कुमार ने मुख्य अतिथि व अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया और विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस दौरान विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए, जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा।

इसके उपरांत विधायक संजय अवस्थी ने ‘विधायक गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत क्षेत्रवासियों की जन समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाना है।

कार्यक्रम में कांग्रेस पार्टी अर्की के वरिष्ठ नेता सतीश कश्यप, सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर कृष्ण लाल, विभिन्न पंचायत प्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षक, छात्र एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

21 दिसंबर को 88 हजार बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स

error: Content is protected !!