सोलन जिला के कसौली क्षेत्र अंतर्गत आने वाले जिला परिषद वार्ड धर्मपुर और टकसाल में चुनावी माहौल अब पूरी तरह गर्म हो चुका है। दोनों वार्डों में कुल 12 उम्मीदवार चुनाव मैदान में डटे हुए हैं। निर्वाचन अधिकारी एवं उपमंडलाधिकारी कसौली महेंद्र प्रताप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि उम्मीदवारों को आधिकारिक तौर पर चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए गए हैं।
जिला परिषद वार्ड नंबर-8 धर्मपुर से गोपाल दत्त ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। वहीं वार्ड नंबर-9 टकसाल से संजीव शर्मा ने भी चुनावी मैदान से हटने का फैसला लिया। इसके बाद दोनों वार्डों में मुकाबला और रोचक हो गया है।
धर्मपुर वार्ड में अजय कुमार को ‘ताला और चाबी’, कृपाल सिंह को ‘मेज का पंखा’, जगदीश पाल को ‘छाता’, दुनी चंद को ‘जीप’, नेत्र सिंह को ‘कप-प्लेट’ तथा सोकृत कुमार को ‘फुटबॉल’ चुनाव चिन्ह आवंटित किया गया है।
वहीं टकसाल वार्ड में अशोक कुमार को ‘ताला और चाबी’, ध्यान सिंह को ‘मेज का पंखा’, निखिल ठाकुर को ‘छाता’, पंकज शर्मा को ‘जीप’, यश ठाकुर को ‘कप-प्लेट’ तथा हुमक चंद को ‘फुटबॉल’ चुनाव चिन्ह मिला है।
चुनाव चिन्ह मिलने के बाद अब उम्मीदवारों ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। गांव-गांव जाकर मतदाताओं से समर्थन मांगा जा रहा है। स्थानीय लोगों में भी इस चुनाव को लेकर काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। आने वाले दिनों में धर्मपुर और टकसाल क्षेत्र में चुनावी गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।
