
राजीव ख़ामोश , कुठाड़ : जिला सोलन के कसौली उपमंडल के अंतर्गत विकास खंड पट्टा के तहत जगजीतनगर पंचायत ने इस बार पंचायत चुनावों में एक नई मिसाल कायम कर दी है। पंचायत क्षेत्र के लोगों ने आपसी सहमति, भाईचारे और जागरूकता का परिचय देते हुए पंचायत को निर्विरोध चुन लिया। इसके साथ ही जगजीतनगर पंचायत विकास खंड पट्टा की अकेली निर्विरोध पंचायत बन गई है।
जानकारी देते हुए ARO राजेन्द्र कुमार ने बताया कि पंचायत प्रधान पद के लिए कुल 6 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था। हालांकि आपसी सहमति बनने के बाद 5 उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस ले लिए, जिसके बाद मेहर चंद को सर्वसम्मति से पंचायत प्रधान चुन लिया गया।
वहीं उपप्रधान पद के लिए 2 उम्मीदवार मैदान में थे, लेकिन एक प्रत्याशी द्वारा नामांकन वापिस लेने के बाद योगेन्द्र सिंह निर्विरोध उपप्रधान निर्वाचित हुए। इसके अलावा प्रताप सिंह, रीता देवी, पार्वती देवी, परस राम और रेखा को वार्ड सदस्य चुना गया।
ARO राजेन्द्र कुमार के अनुसार वार्ड नंबर 4 में कुल 3 उम्मीदवारों ने नामांकन भरा था, लेकिन 2 उम्मीदवारों द्वारा नाम वापस लेने के बाद चुनाव निर्विरोध संपन्न हो गया। पंचायत क्षेत्र के लोगों ने चुनावी प्रतिस्पर्धा के बजाय एकता और विकास को प्राथमिकता देकर सकारात्मक संदेश दिया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पंचायत का निर्विरोध गठन क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देने में मददगार साबित होगा। साथ ही यह निर्णय अन्य पंचायतों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन सकता है।
