हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के नालागढ़ क्षेत्र में नए साल के पहले ही दिन एक बड़ी और रहस्यमय घटना सामने आई है। नालागढ़ पुलिस थाने के पास स्थित एक गली में सुबह अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।
धमाका इतना तेज था कि आसपास मौजूद इमारतों और आर्मी कैंटीन के शीशे टूट गए। स्थानीय लोगों और प्रवासी मजदूरों के अनुसार, धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि एक पल के लिए पूरा इलाका धुएं और कंपन से भर गया, जिससे कुछ भी साफ दिखाई नहीं दे रहा था। पास की चाय की दुकानों पर बैठे लोग भी तेज आवाज सुनकर सहम गए।
घटना की जानकारी मिलते ही नालागढ़ पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया। सुरक्षा के मद्देनजर दोनों ओर से बैरिकेडिंग कर दी गई है और आम लोगों की आवाजाही रोक दी गई है। एसपी बद्दी विनोद धीमान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए शिमला से फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर रही है। पुलिस प्रशासन हर पहलू से जांच में जुटा हुआ है, हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि धमाका किस वजह से हुआ और इसमें किस तरह की वस्तु का इस्तेमाल किया गया।
पुलिस अधिकारियों की ओर से फिलहाल किसी भी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के कारणों पर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद जताई जा रही है। पुलिस आम जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील कर रही है।
