राजीव ख़ामोश , कुठाड़ ; ज़िला Solan में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के दौरान कृष्णगढ़ पंचायत में लोगों का लोकतंत्र के प्रति उत्साह साफ देखने को मिला। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगी रहीं, जहां युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
इस दौरान पहली बार मतदान करने वाले युवाओं में भी खास उत्साह देखने को मिला। 19 वर्षीय ज्योत्स्ना राजन, नमन वर्मा और 22 वर्षीय पीयूष ने पहली बार पंचायत प्रतिनिधियों के चुनाव में वोट डालकर लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी निभाई। युवाओं ने कहा कि मतदान हर नागरिक का अधिकार और जिम्मेदारी दोनों है तथा सभी लोगों को अपने मत का प्रयोग अवश्य करना चाहिए।

वहीं कुठाड़ के राणा अरुण सेन ने भी मतदान केंद्र पहुंचकर अपना वोट डाला और लोगों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की। गांव की महिलाओं ने भी चुनाव प्रक्रिया में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मतदान केंद्रों पर अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। महिलाओं ने कहा कि पंचायत चुनाव गांव के विकास से सीधे जुड़े होते हैं, इसलिए हर व्यक्ति को मतदान में भाग लेना चाहिए।
इसके अलावा गांव के सबसे बुजुर्ग 94 वर्षीय शगत राम शर्मा ने भी मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मत का उपयोग किया। उनकी सक्रियता और उत्साह ने युवा मतदाताओं को भी प्रेरित किया।

खबर लिखे जाने तक कृष्णगढ़ उपतहसील के नायब तहसीलदार सूरत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव प्रक्रिया जारी है। उन्होंने बताया कि अब तक लगभग 25 प्रतिशत मतदान हो चुका है और लोग लगातार उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।


