हिमाचल प्रदेश के विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता श्री चिंतपूर्णी जी के दरबार में रविवार को आस्था और भक्ति का अनूठा दृश्य देखने को मिला। पंजाब के नूरमहल से पहुंचे एक श्रद्धालु परिवार ने अपनी मनोकामना पूर्ण होने पर माता की पावन पिंडी पर 750 ग्राम शुद्ध चांदी का सुंदर और कलात्मक छत्र अर्पित किया।

बारीक नक्काशी और आकर्षक डिजाइन से सुसज्जित इस चांदी के छत्र को मंदिर के पुजारियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण एवं विधि-विधान के साथ माता के चरणों में समर्पित किया गया। छत्र की स्थापना के बाद माता की पिंडी की भव्यता और भी बढ़ गई।

श्रद्धालु परिवार ने बताया कि माता श्री चिंतपूर्णी जी की कृपा से उनकी मनोकामना पूर्ण हुई है। इसी श्रद्धा और कृतज्ञता के भाव से उन्होंने यह विशेष भेंट माता के चरणों में अर्पित की। मंदिर प्रशासन और पुजारी वर्ग ने भी श्रद्धालु परिवार को माता की चुनरी भेंट कर आशीर्वाद प्रदान किया।

माता चिंतपूर्णी मंदिर देश-विदेश के लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां भक्त समय-समय पर सोना, चांदी, आभूषण तथा अन्य बहुमूल्य वस्तुएं माता के चरणों में अर्पित करते रहते हैं।

error: Content is protected !!