हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को प्रसिद्ध हाटू माता मंदिर में माथा टेककर प्रदेशवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने तथा प्रदेश की सड़क और रोपवे कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश अपनी समृद्ध देव संस्कृति और प्राचीन मंदिरों के लिए देश-दुनिया में विशेष पहचान रखता है। प्रदेश के लोगों की देवी-देवताओं में गहरी आस्था है और सरकार धार्मिक पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

उन्होंने बताया कि धल्ली-नारकंडा-रामपुर सड़क को फोरलेन हाईवे में विकसित करने की योजना पर तेजी से काम चल रहा है और इसका सर्वेक्षण पूरा हो चुका है। परियोजना में भूस्खलन की समस्या को कम करने और यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए सुरंग निर्माण को प्राथमिकता दी जाएगी।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने हाटू माता रोपवे परियोजना को भी सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि इसे नाबार्ड के माध्यम से प्रस्तावित किया गया है। हालांकि परियोजना को पूरा होने में तीन से चार वर्ष का समय लग सकता है, लेकिन सरकार इसे शीघ्र धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने यह भी बताया कि हाटू माता मंदिर तक जाने वाली सड़क के सुधार के लिए आवश्यक धनराशि स्वीकृत कर दी गई है। सड़क निर्माण के दौरान पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखा जाएगा ताकि पेड़ों की कटाई कम से कम हो और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

error: Content is protected !!