जिला सिरमौर में पंचायत चुनावों के बीच एक बार फिर भाईचारे और एकता की अनूठी तस्वीर सामने आई है। पच्छाद विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत दाड़ो देवरिया में ग्रामीणों ने राजनीतिक मतभेदों को पीछे छोड़ते हुए सर्वसम्मति से पंचायत का निर्विरोध चुनाव कर लिया। यह फैसला न केवल स्थानीय स्तर पर बल्कि पूरे जिले में एक सकारात्मक संदेश दे रहा है।
गांव में आयोजित एक अहम बैठक में सभी वार्डों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता पूर्व प्रधान गीता देवी, पूर्व उपप्रधान नरेंद्र सिंह और संदीप चौहान ने की। लंबी चर्चा और विचार-विमर्श के बाद ग्रामीणों ने एकमत होकर पंचायत कार्यकारिणी का चयन किया, जिससे गांव में खुशी का माहौल है।
सर्वसम्मति से सुमन कुमारी को प्रधान और सुरजीत सिंह को उपप्रधान चुना गया। इसके अलावा वार्ड सदस्यों में रीता देवी, रविंदर, रोहित, राधा देवी और सुनीता देवी को बिना किसी विरोध के चुना गया। पंचायत के सुभाष ठाकुर ने बताया कि पूरे गांव ने मिलकर यह निर्णय लिया, जिससे चुनावी तनाव की बजाय आपसी सहयोग को बढ़ावा मिला है।
गौरतलब है कि इससे पहले शिलाई क्षेत्र की टटियाना पंचायत भी निर्विरोध चुनी जा चुकी है। वर्ष 2021 में भी सिरमौर की 33 पंचायतों का निर्विरोध चयन हुआ था, जो आज भी एक उदाहरण माना जाता है।
जिले में अभी भी कई पंचायतों में सर्वसम्मति बनाने के प्रयास जारी हैं। उम्मीद की जा रही है कि आने वाले दिनों में और भी पंचायतें इस एकता की राह पर चल सकती हैं, जिससे लोकतंत्र को नई मजबूती मिलेगी।
