जिला सोलन के कुनिहार स्थित बी.एल. सेंट्रल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में सत्र 2026-27 के लिए एनसीसी कैडेट्स की भर्ती प्रक्रिया सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। इस दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह, अनुशासन और देशभक्ति का अनोखा संगम देखने को मिला। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भर्ती में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

एनसीसी एएनओ अमर देव ने जानकारी देते हुए बताया कि यह चयन प्रक्रिया प्रथम छात्र वाहिनी एनसीसी सोलन के कमांडिंग ऑफिसर के मार्गदर्शन में आयोजित की गई। भर्ती के दौरान विद्यार्थियों की शारीरिक क्षमता, अनुशासन, नेतृत्व कौशल और टीम भावना का गहन मूल्यांकन किया गया।

इस प्रक्रिया में पीआई स्टाफ हवलदार जगदीप सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने विद्यार्थियों को ग्राउंड ट्रेनिंग, व्यवहारिक अनुशासन और एनसीसी के मूल सिद्धांतों की विस्तार से जानकारी दी। उनके मार्गदर्शन से छात्रों में आत्मविश्वास और राष्ट्र सेवा की भावना और मजबूत हुई।

कठोर चयन प्रक्रिया के बाद कुल 12 जूनियर विंग (JW) और 13 जूनियर डिवीजन (JD) कैडेट्स का चयन किया गया। चयनित विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला और उन्होंने एनसीसी के माध्यम से देश सेवा का संकल्प लिया।

विद्यालय अध्यक्ष और मुख्याध्यापिका सुषमा सहित समस्त स्टाफ ने चयनित कैडेट्स को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अंत में सभी के लिए जलपान की व्यवस्था की गई।

BL Central School ने रचा इतिहास, 12वीं में 100% रिजल्ट

error: Content is protected !!