बाल विकास परियोजना सोलन के अंतर्गत क्रेच कार्यकर्ता और क्रेच सहायिका के रिक्त पदों को भरने के लिए 16 जुलाई 2026 को प्रातः 10 बजे साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा। यह साक्षात्कार बाल विकास परियोजना अधिकारी सोलन के कार्यालय में होगा।

बाल विकास परियोजना अधिकारी कविता गौतम ने बताया कि आंगनबाड़ी सह क्रेच केंद्र थाना-2 (नजदीक डाईट) के लिए क्रेच कार्यकर्ता और क्रेच सहायिका के एक-एक पद भरे जाएंगे। इच्छुक उम्मीदवारों को 14 जुलाई 2026 शाम 5 बजे तक अपना आवेदन कार्यालय में जमा करवाना होगा।

क्रेच कार्यकर्ता पद के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास तथा क्रेच सहायिका के लिए 10वीं पास निर्धारित की गई है। उम्मीदवार की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। साथ ही परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए, जिसका प्रमाण पत्र सक्षम अधिकारी द्वारा जारी होना आवश्यक है।

उम्मीदवारों को आवेदन पत्र के साथ आयु, शैक्षणिक योग्यता, निवास, जाति, आय तथा अन्य संबंधित प्रमाण पत्र संलग्न करने होंगे। साक्षात्कार के दिन सभी मूल दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य होगा। इस भर्ती के लिए अलग से बुलावा पत्र जारी नहीं किए जाएंगे।

error: Content is protected !!