जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर आज उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जानकारी दी गई कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 26 जनवरी का जिला स्तरीय समारोह सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में आयोजित किया जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि मुख्य अतिथि सर्वप्रथम कारगिल शहीद स्मारक पर पहुंचकर प्रदेश एवं जिला वासियों की ओर से स्वतंत्रता सेनानियों व शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके पश्चात प्रातः 11:00 बजे ठोडो मैदान में ध्वजारोहण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस अवसर पर पुलिस, होमगार्ड्स तथा अन्य टुकड़ियों द्वारा भव्य मार्च-पास्ट किया जाएगा। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों और अन्य व्यक्तियों को सम्मानित भी किया जाएगा। सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि सम्मान हेतु कर्मचारियों की सूची समय पर उपायुक्त कार्यालय सोलन को उपलब्ध करवाएं।
गणतंत्र दिवस समारोह को आकर्षक बनाने के लिए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों की रिहर्सल 20 जनवरी 2026 को प्रातः 11:30 बजे ठोडो मैदान अथवा नगर निगम सोलन के हॉल में आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यालयों एवं संस्थानों को 15 जनवरी 2026 तक अपनी पूरी सूची जिला लोक संपर्क अधिकारी कार्यालय को सौंपनी होगी।
उपायुक्त ने स्वास्थ्य, लोक निर्माण, जल शक्ति, पुलिस, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग तथा नगर निगम सोलन को समारोह के सफल आयोजन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने सभी विभागों से आग्रह किया कि समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें।
