सोलन जिला प्रशासन 15 जून 2026 को भूकंप, बाढ़ और वनाग्नि जैसी प्राकृतिक आपदाओं से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित करेगा। यह जानकारी जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने दी।
मॉक ड्रिल का आयोजन सोलन, नालागढ़, कंडाघाट, कसौली, अर्की और बद्दी उपमंडलों के विभिन्न स्थानों पर किया जाएगा। इस दौरान क्षेत्रीय अस्पताल सोलन, राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सोलन, सलोगड़ा एनएच-05, सरसा नदी पुल नालागढ़, राजकीय महाविद्यालय कंडाघाट, सुखीजोड़ी-गढ़खल वन क्षेत्र, आईटीआई अर्की तथा वर्धमान टेक्सटाइल बद्दी सहित कई स्थानों पर आपदा परिदृश्यों का अभ्यास किया जाएगा।
उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने कहा कि आपदा से पहले की तैयारी ही जनधन की हानि को कम करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि इंसीडेंट रिस्पॉन्स सिस्टम के तहत निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करें और आपदा प्रबंधन तैयारियों को और मजबूत बनाएं।
जिला प्रशासन का उद्देश्य विभिन्न विभागों की समन्वय क्षमता, त्वरित प्रतिक्रिया और राहत-बचाव कार्यों की प्रभावशीलता का परीक्षण करना है, ताकि किसी भी वास्तविक आपदा की स्थिति में बेहतर ढंग से कार्य किया जा सके।
