सोलन नगर निगम चुनाव 2026 को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि 17 मई 2026 को होने वाले नगर निगम चुनाव में कुल 34147 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 17274 पुरुष, 16872 महिला तथा एक अन्य मतदाता शामिल हैं।
प्रशासन के अनुसार नगर निगम के 17 वार्डों में मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए कुल 36 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं। मतदान सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा।
इस बार वार्ड नम्बर 6 जवाहर पार्क, वार्ड नम्बर 10 चौंरीघाटी तथा वार्ड नम्बर 12 सन्नी साइड में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक दर्ज की गई है। वहीं वार्ड नम्बर 17 बसाल पति कथेड़ में सबसे अधिक 2912 मतदाता मतदान करेंगे।
उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने बताया कि चुनाव को निष्पक्ष और सुरक्षित बनाने के लिए 6 मतदान केन्द्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है। इनमें सलोगड़ा, ठोडो मैदान, कलीन तथा बसाल क्षेत्र के मतदान केन्द्र शामिल हैं। इन केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
प्रशासन ने सभी मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। निर्वाचन विभाग का कहना है कि मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं।
सोलन नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां भी तेज हो गई हैं। उम्मीदवार लगातार जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं, जबकि मतदाता भी स्थानीय विकास, सड़क, पानी और सफाई जैसे मुद्दों को लेकर काफी सक्रिय दिखाई दे रहे हैं।
