मनमोहन शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचन 2026 के लिए ज़िला सोलन पूरी तरह तैयार है। इस बार ज़िले में कुल 3,52,901 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1,79,987 पुरुष तथा 1,72,914 महिला मतदाता शामिल हैं।
जिला प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार विकास खण्ड कुनिहार सबसे प्रमुख क्षेत्रों में शामिल है, जहां 58 ग्राम पंचायतों में कुल 74,873 मतदाता हैं। इनमें 37,962 पुरुष और 36,911 महिला मतदाता शामिल हैं। वहीं विकास खण्ड कण्डाघाट की 28 ग्राम पंचायतों में 30,051 मतदाता मतदान करेंगे।
विकास खण्ड सोलन की 39 ग्राम पंचायतों में कुल 47,743 मतदाता हैं, जबकि धर्मपुर की 26 ग्राम पंचायतों में 36,869 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे। इसके अलावा विकास खण्ड पट्टा की 27 ग्राम पंचायतों में 41,279 मतदाता दर्ज किए गए हैं।
सबसे अधिक मतदाता विकास खण्ड नालागढ़ में हैं। यहां 77 ग्राम पंचायतों में कुल 1,22,086 मतदाता मतदान करेंगे। इनमें 62,573 पुरुष और 59,513 महिला मतदाता शामिल हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 26, 28 और 30 मई 2026 को मतदान करवाया जाएगा। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 3 बजे तक होगा।
पंचायत चुनावों को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। उम्मीदवारों ने प्रचार अभियान शुरू कर दिया है और गांव-गांव चुनावी माहौल देखने को मिल रहा है। माना जा रहा है कि इस बार पंचायत चुनावों में रिकॉर्ड मतदान प्रतिशत देखने को मिल सकता है।
