
देश सेवा का सपना देखने वाले युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। भारतीय थल सेना में अग्निवीर बनने का सुनहरा मौका एक बार फिर बढ़ा दिया गया है। अब इच्छुक उम्मीदवार 10 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
पहले आवेदन की अंतिम तिथि 1 अप्रैल निर्धारित की गई थी, लेकिन युवाओं की बढ़ती रुचि और सुविधा को देखते हुए इसे आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया। इस संबंध में हमीरपुर स्थित थल सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक कर्नल श्रीधर राजन ने जानकारी साझा की।

उन्होंने बताया कि अग्निवीर भर्ती के तहत विभिन्न पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इनमें अग्निवीर जीडी, अग्निवीर टेक्निकल, अग्निवीर क्लर्क/एसकेटी, अग्निवीर ट्रेड्समैन (8वीं और 10वीं पास) तथा अग्निवीर महिला मिलिट्री पुलिस शामिल हैं।
उम्मीदवारों को सबसे पहले ऑनलाइन कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा (CBT) देनी होगी। इस परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को आगे ग्राउंड टेस्ट और भर्ती रैली के लिए बुलाया जाएगा। इसके बाद फिजिकल फिटनेस, मेडिकल टेस्ट और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

इच्छुक युवा आधिकारिक वेबसाइट Join Indian Army Official Website पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करते समय उम्मीदवार के पास एक्टिव मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी होना अनिवार्य है, जो आधार नंबर से लिंक होना चाहिए।
अग्निवीर योजना के तहत युवाओं को न केवल देश सेवा का मौका मिलता है, बल्कि उन्हें आधुनिक ट्रेनिंग, आकर्षक वेतन और भविष्य के लिए कई अवसर भी मिलते हैं। यही कारण है कि इस भर्ती प्रक्रिया में हर साल लाखों युवा हिस्सा लेते हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि अंतिम तिथि नजदीक आते ही वेबसाइट पर ट्रैफिक बढ़ सकता है, जिससे आवेदन में परेशानी हो सकती है। इसलिए इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अंतिम समय का इंतजार न करें और जल्द से जल्द अपना आवेदन पूरा करें।
