(अर्की): गांव खाता में आयोजित ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम में लोगों की समस्याओं को सीधे सुनते हुए संजय अवस्थी ने समाधान के लिए मौके पर ही संबंधित विभागों को निर्देश जारी किए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी ने यह साफ कर दिया कि सरकार की यह पहल जमीनी स्तर पर असर दिखा रही है।
इस अवसर पर विधायक ने गांव कन्सवाला जबालु से खाता तक बनने वाले 15 लाख रुपये की लागत के रोगी वाहन मार्ग का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि यह सड़क न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाएगी, बल्कि ग्रामीणों की दैनिक आवाजाही को भी आसान बनाएगी।

विधायक ने अपने संबोधन में पंचायती राज संस्थाओं की अहम भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि आने वाले चुनावों में ईमानदार और जनहितैषी प्रतिनिधियों का चयन जरूरी है, ताकि गांवों का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं। दूध, गेहूं, मक्की, अदरक और हल्दी के न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि से किसानों और पशुपालकों को सीधा लाभ मिल रहा है।

इसके अलावा, गरीब वर्ग के छात्रों के लिए शुरू की गई ‘डॉ. यशवंत सिंह परमार विद्यार्थी ऋण योजना’ के तहत 1% ब्याज दर पर 20 लाख रुपये तक का शिक्षा ऋण उपलब्ध करवाया जा रहा है, जिससे तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा के नए रास्ते खुल रहे हैं।
विकास कार्यों की जानकारी देते हुए विधायक ने बताया कि दाड़लाघाट क्षेत्र में स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों के लिए दुकानें और युवाओं के लिए पुस्तकालय जल्द बनाए जाएंगे। साथ ही, विभिन्न सड़क परियोजनाओं पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र का तेजी से विकास हो रहा है।

कार्यक्रम के दौरान महिला मंडल और युवक मंडल को आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की गई, जिससे स्थानीय स्तर पर सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
अंत में, विधायक ने शिव मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की और भरोसा दिलाया कि विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
