देश सेवा के बाद समाज सेवा का जज़्बा लिए पूर्व सैनिकों का उत्साह उस समय देखने को मिला जब एक्स सर्विसेज लीग के तत्वावधान में ज़िला परिषद भवन सभागार सोलन में भव्य वार्षिक आम बैठक आयोजित की गई। इस कार्यक्रम ने न केवल पूर्व सैनिकों की एकता को मजबूत किया बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में भी एक सशक्त संदेश दिया।

बैठक की अध्यक्षता सोलन सदर लीग के प्रेसिडेंट वेटरन सूबेदार मेजर सचिदानंद शर्मा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में वयोवृद्ध वेटरन कप्तान दिला राम ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज करवाई। कार्यक्रम की शुरुआत शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई, जिससे माहौल भावुक और गर्व से भर गया।
संयुक्त सचिव सूबेदार मेजर नरेश कौंडल ने बैठक का एजेंडा प्रस्तुत करते हुए पिछले एक वर्ष के दौरान लीग द्वारा किए गए सामाजिक, कल्याणकारी और संगठनात्मक कार्यों का विस्तृत विवरण साझा किया। उन्होंने बताया कि पूर्व सैनिकों ने न केवल अपने साथियों के हितों के लिए काम किया, बल्कि समाज में व्याप्त कुरीतियों के खिलाफ भी जागरूकता अभियान चलाए।

इस दौरान सभी उपस्थित सदस्यों ने एक स्वर में पूर्व सैनिक एकता को और अधिक मजबूत करने तथा समाज में फैली बुराइयों के खिलाफ मिलकर संघर्ष करने का संकल्प लिया। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि भविष्य में युवाओं को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करने हेतु विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर वेटरन सूबेदार मेजर रति राम, वेटरन नायक देव प्रकाश, सूबेदार मेजर दीपक तमांग, कप्तान कृष्ण सिंह कंवर, सूबेदार मेजर जगदीश चंद, सूबेदार मेजर यशपाल काशिव, सूबेदार मेजर हरनाम सिंह, नायक रतन लाल, जगत राम और राजेश ठाकुर सहित करीब 100 पूर्व सैनिक, वीर नारियां और बच्चे उपस्थित रहे।
