राजीव ख़ामोश , कुठाड़ : औद्योगिक क्षेत्र बद्दी की प्रमुख कंपनी Jupiter International Limited ने अपने सीएसआर अभियान “जुपिटर केयर” के अंतर्गत कुठाड़ गांव में एक निशुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन किया। इस स्वास्थ्य शिविर का उद्देश्य दूरदराज और पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना और सामुदायिक कल्याण को बढ़ावा देना रहा।
इस मेडिकल कैंप का मार्गदर्शन दून के विधायक राम कुमार चौधरी द्वारा किया गया और इस दौरान वे विशेष रूप से इस कैंप में भी मौजूद रहे उनका मानना है कि पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलना बेहद जरूरी है। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए कुठाड़ में यह विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया, जिसमें कंपनी ने पूर्ण सहयोग प्रदान किया।
कैंप में Park Hospital की विशेषज्ञ मेडिकल टीम ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं। शिविर में ईसीजी, बोन डेंसिटी टेस्ट, ब्लड टेस्ट, शुगर टेस्ट, कैंसर परामर्श और जनरल हेल्थ चेकअप जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। बड़ी संख्या में पहुंचे स्थानीय लोगों ने इन सेवाओं का लाभ उठाया।
मेडिकल टीम के अनुभवी डॉक्टरों ने मरीजों की स्वास्थ्य समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और उन्हें उचित परामर्श के साथ जरूरी उपचार संबंधी सुझाव भी दिए। खासतौर पर बुजुर्गों और आसपास के गांवों से आए लोगों के लिए यह कैंप काफी लाभकारी साबित हुआ, क्योंकि उन्हें अपने क्षेत्र के नजदीक ही विशेषज्ञ स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकीं।
इस दौरान कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट – ऑपरेशंस Munish Parmar भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि कंपनी केवल औद्योगिक विकास ही नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाने के लिए भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम जारी रखने की बात कही।
स्थानीय ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मेडिकल कैंप ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए बेहद उपयोगी हैं और भविष्य में भी लगातार आयोजित होने चाहिए।इस दौरान ग्राम पंचायत के पूर्व प्रधान कैलाश शर्मा , उप प्रधान पुष्पेन्द्र कुमार , वार्ड सदस्य पूर्ण चंद , संजीव कुमार , नरेश कुमार , सुदर्शन , दिनेश कुमार , दया शर्मा , बुघार कनैता पंचायत के पूर्व प्रधान भूषण शर्मा सहित अन्य ग्राम वासी मौजूद रहे |
