विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर सोलन जिला में सेवा और मानवता की अनूठी मिसाल देखने को मिली। उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने कहा कि जिला रेडक्रॉस समिति पीड़ित मानवता की सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहती है और जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाना समिति का मुख्य उद्देश्य है।
इस अवसर पर उपायुक्त ने क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में मरीजों को फल वितरित किए और रेडक्रॉस समिति के सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि यह दिवस समाज में सेवा भावना को मजबूत करने का संदेश देता है। उन्होंने बताया कि जिला रेडक्रॉस समिति द्वारा क्षेत्रीय अस्पताल सोलन, कुष्ठ रोग अस्पताल लोहांजी तथा टीबी सेनिटोरियम धर्मपुर में कुल 130 मरीजों को फल, जूस और बिस्कुट वितरित किए गए।
मनमोहन शर्मा ने कहा कि समाज के प्रबुद्ध और सहयोगी लोगों की मदद से रेडक्रॉस समिति लगातार अपने कार्यों का विस्तार कर रही है। उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय अस्पताल में स्थापित सहायता कक्ष के माध्यम से अब तक 213 लोगों को सहायता और दो व्यक्तियों को आर्थिक मदद प्रदान की गई है। वहीं वित्त वर्ष 2025-26 में जिला रेडक्रॉस सोसाइटी सोलन द्वारा 42 जरूरतमंद लोगों को 2 लाख 73 हजार 280 रुपये की सहायता दी गई।
कार्यक्रम के दौरान एल.आर. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें 22 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। उपायुक्त ने सभी लोगों से रेडक्रॉस समिति से जुड़कर मानव सेवा में सहयोग देने और उदारतापूर्वक अंशदान करने की अपील की।
इस मौके पर ऋचा शर्मा, नीरजा शर्मा, राकेश कुमार पठानिया, अजय शर्मा, सुनीता ओबरॉय, चंद्र कला सूद और रेणु कोरियन सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
