सोलन जिला परिषद चुनाव 2026 के लिए नामांकन प्रक्रिया लगातार जारी है। दूसरे दिन जिले के विभिन्न उपमण्डलों में कुल 09 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। अर्की और कण्डाघाट में राजनीतिक गतिविधियां सबसे अधिक देखने को मिलीं, जबकि सोलन उपमण्डल में दूसरे दिन कोई नया नामांकन दाखिल नहीं हुआ।
निर्वाचन अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी अर्की निशांत तोमर के अनुसार जिला परिषद वार्ड दाड़ला से बनीता देवी, सोमा देवी और सुंगधा ठाकुर ने अपने नामांकन पत्र जमा करवाए। वहीं जिला परिषद वार्ड सूरजपुर से शशी कांत ने नामांकन दाखिल किया। अर्की के तीनों जिला परिषद वार्डों से अब तक कुल 05 नामांकन प्राप्त हो चुके हैं।
उधर कसौली उपमण्डल में जिला परिषद वार्ड टकसाल से संजीव शर्मा ने नामांकन प्रस्तुत किया। जबकि धर्मपुर वार्ड से दूसरे दिन कोई उम्मीदवार सामने नहीं आया। कसौली के दोनों वार्डों से अब तक कुल 09 नामांकन प्राप्त हुए हैं।
सोलन उपमण्डल में जिला परिषद वार्ड डांगरी और चेवा से दूसरे दिन कोई नामांकन दाखिल नहीं हुआ। हालांकि यहां अब तक कुल 04 नामांकन पत्र प्राप्त किए जा चुके हैं।
कण्डाघाट में चुनावी माहौल काफी सक्रिय नजर आया। निर्वाचन अधिकारी गोपाल शर्मा के अनुसार जिला परिषद वार्ड दंघील से देश राज ने नामांकन दाखिल किया। वहीं वाकना वार्ड से अमर सिंह, विवेकानन्द परिहार और अजय सिंह ने अपने नामांकन पत्र जमा करवाए। कण्डाघाट के दोनों वार्डों से अब तक कुल 12 नामांकन प्राप्त हो चुके हैं।
गौरतलब है कि जिला परिषद चुनावों के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 11 मई 2026 निर्धारित की गई है। ऐसे में आने वाले दिनों में चुनावी गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।
