
सोलन में आगामी शहरी निकाय निर्वाचन-2026 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज़ हो गई हैं। इसी क्रम में ठोडो मैदान के समीप नगर निगम सोलन के हॉल में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ई.वी.एम.) की प्रथम स्तरीय जांच सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई। यह जानकारी अतिरिक्त उपायुक्त सोलन एवं निर्वाचन कार्य के लिए नियुक्त नोडल अधिकारी राहुल जैन ने दी।
राहुल जैन ने बताया कि ईवीएम की जांच भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बी.एच.ई.एल.) के अनुभवी अभियंताओं की निगरानी में की गई। जांच प्रक्रिया के दौरान सभी मशीनों की तकनीकी जांच और कार्यप्रणाली का सावधानीपूर्वक परीक्षण किया गया, ताकि आगामी चुनावों में किसी प्रकार की तकनीकी समस्या सामने न आए।
उन्होंने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न करवाई गई। इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति भी सुनिश्चित की गई, जिससे प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनी रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने भी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और पूरी कार्यवाही का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष, त्रुटिरहित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के निर्देश दिए।
राहुल जैन ने कहा कि जिला प्रशासन शहरी निकाय चुनाव-2026 को सफल बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा राज्य निर्वाचन आयोग के सभी निर्देशों का सख्ती से पालन किया जा रहा है।
इस अवसर पर कांग्रेस के शिव दत्त ठाकुर एवं कंचन राणा, भाजपा के चन्द्रकांत शर्मा, बहुजन समाज पार्टी के राकेश बराड़ सहित जिला निर्वाचन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
