सोलन जिला प्रशासन ने पंचायत चुनाव को लेकर महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए विकास खण्ड सोलन की कुछ ग्राम पंचायतों के मतदान केंद्रों में आंशिक संशोधन किया है। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह बदलाव मतदाताओं की सुविधा और प्रशासनिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए किया गया है।
जारी सूचना के अनुसार ग्राम पंचायत शड़ियाणा के वार्ड नम्बर-7 कोठी के लिए मतदान केंद्र में बदलाव किया गया है। अब इस वार्ड के मतदाता ग्राम पंचायत कार्यालय शड़ियाणा में मतदान करेंगे। इससे पहले यह मतदान केंद्र राजकीय प्राथमिक पाठशाला शड़ियाणा निर्धारित किया गया था।
इसी प्रकार ग्राम पंचायत पड़ग के वार्ड नम्बर-2 डढोग तथा वार्ड नम्बर-4 जराई के मतदाताओं के लिए भी नया मतदान केंद्र निर्धारित किया गया है। अब इन दोनों वार्डों के मतदाता ग्राम पंचायत कार्यालय पड़ग में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। पूर्व में इनके लिए राजकीय प्राथमिक पाठशाला दधोग को मतदान केंद्र बनाया गया था।
इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत पड़ग के वार्ड नम्बर-6 दांवसी और वार्ड नम्बर-7 दधोग के लिए भी मतदान केंद्र बदला गया है। अब इन वार्डों के मतदाता राजकीय माध्यमिक पाठशाला दधोग में मतदान करेंगे। पहले यह मतदान केंद्र राजकीय प्राथमिक पाठशाला दधोग था।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय खण्ड विकास अधिकारी से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर लिया गया है। जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि मतदान दिवस से पहले अपने संशोधित मतदान केंद्र की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें ताकि मतदान के दिन किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासन पूरी तैयारी में जुटा हुआ है और मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
