हिमाचल प्रदेश के सोलन स्थित गंज बाजार में आयोजित भाजपा की रैली के दौरान भाजपा प्रदेश सह-प्रभारी संजय टंडन ने कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर असफल साबित हुई है और अब हिमाचल को दोबारा विकास की तेज रफ्तार पर लाने की जरूरत है।
रैली में बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए संजय टंडन ने कहा कि प्रदेश की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। उन्होंने कांग्रेस सरकार की कार्यप्रणाली पर कटाक्ष करते हुए कहा, “हमने 440 वोल्ट की केंद्र सरकार के साथ 50 वोल्ट की तार जोड़ दी, इसलिए पूरा सिस्टम पटाखा बोल गया। अब इसे फिर से 440 वोल्ट बनाना है।”
उन्होंने दावा किया कि केंद्र की भाजपा सरकार लगातार हिमाचल प्रदेश के विकास के लिए काम कर रही है, लेकिन प्रदेश सरकार उस गति और सोच के साथ आगे नहीं बढ़ पा रही। इसका सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है।
रैली के दौरान संजय टंडन ने विशेष रूप से महिलाओं से भाजपा का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है, जबकि कांग्रेस केवल वादों तक सीमित रही है।
उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही नगर निगम चुनावों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील भी की।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी चुनावों को देखते हुए भाजपा अब प्रदेश में अपने संगठन और जनसंपर्क अभियान को और तेज करने की तैयारी में जुट गई है।
