राजीव ख़ामोश , कुठाड़ : बीएल सेंट्रल पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार में अध्यापक-अभिभावक संघ (पीटीए) की बैठक का सफल आयोजन किया गया। इस बैठक में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भाग लेकर विद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सह-शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का संचालन अध्यापिका मीरा कौशल ने किया। उन्होंने सभी अभिभावकों का स्वागत करते हुए विद्यालय परिवार की ओर से उनका आभार व्यक्त किया।
बैठक की अध्यक्षता विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने की। उन्होंने विद्यालय के बारहवीं कक्षा के उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम पर विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जिसमें कई विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत तथा 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए और सभी विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए।
विद्यालय प्रबंधन ने अभिभावकों को बताया कि इस सत्र में विद्यालय को नई दिल्ली में “ग्रीन स्कूल अवार्ड” से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विद्यालय शिक्षा के साथ खेलकूद, एनएसएस, एनसीसी, स्काउट्स एंड गाइड्स, इको क्लब, छात्रवृत्ति, ताइक्वांडो और संगीत जैसी गतिविधियों में भी लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है।
गोपाल शर्मा ने कहा कि बीएल स्कूल पिछले 31 वर्षों से हिमाचल प्रदेश में “ए ग्रेड” का दर्जा बनाए हुए है। विद्यालय के विद्यार्थी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं।
पीटीए अध्यक्ष रतन तंवर ने विद्यालय प्रबंधन और अध्यापक वर्ग को शानदार परीक्षा परिणाम के लिए बधाई दी। वहीं उप-प्रधानाचार्य पुर्शोतम लाला ने परीक्षा कार्यान्वयन की जानकारी साझा की। अंत में अध्यापिका शिवानी शर्मा ने सभी अभिभावकों का धन्यवाद व्यक्त किया। बैठक के बाद अभिभावकों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई।
