नगर पंचायत अर्की में शहरी निकाय निर्वाचन-2026 के तहत मतदान को लेकर लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला। पूरे दिन मतदाताओं की लंबी कतारें मतदान केंद्रों पर नजर आईं और लोकतंत्र के इस महापर्व में लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
ज़िला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा के अनुसार नगर पंचायत अर्की में कुल 2203 मतदाताओं में से 1674 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार कुल 75.99 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो क्षेत्र में लोकतंत्र के प्रति जागरूकता को दर्शाता है।
जानकारी के अनुसार कुल 1079 पुरुष मतदाताओं में से 840 पुरुषों ने मतदान किया, जबकि 1124 महिला मतदाताओं में से 834 महिलाओं ने वोट डाला। पुरुष मतदान प्रतिशत 77.85 जबकि महिला मतदान प्रतिशत 74.20 दर्ज किया गया।
वार्डवार आंकड़ों पर नजर डालें तो वार्ड नम्बर-01 मैहलात में सबसे अधिक 86.10 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वहीं वार्ड नम्बर-04 चौगान में 79.40 प्रतिशत तथा वार्ड नम्बर-07 शीला ककड़ में 78.14 प्रतिशत मतदान हुआ।
सबसे अधिक मतदाता वार्ड नम्बर-07 शीला ककड़ में थे, जहां कुल 517 मतदाताओं में से 404 लोगों ने मतदान किया। वहीं वार्ड नम्बर-02 मियांपुर में सबसे कम 67.55 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से सम्पन्न हुई। प्रशासन की ओर से सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं के व्यापक प्रबंध किए गए थे। मतदान प्रतिशत को देखते हुए यह माना जा रहा है कि नगर पंचायत अर्की में इस बार जनता ने विकास और स्थानीय मुद्दों को लेकर अपनी मजबूत भागीदारी दर्ज करवाई है।
