
हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। खेड़ा बाबा क्षेत्र के पास हुए इस हादसे में बाइक चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसके साथ बैठा युवक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार माजरा गांव निवासी रामदेव और प्रेमचंद बाइक पर सवार होकर घर का सामान लेने के लिए निकले थे। रामदेव बाइक चला रहे थे जबकि प्रेमचंद पीछे बैठे थे। जैसे ही दोनों खेड़ा बाबा के पास स्थित पुली के समीप पहुंचे, अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और सीधे पुली से नीचे जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नालागढ़ पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद चंडीगढ़ सेक्टर-32 अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान रामदेव ने दम तोड़ दिया, जबकि प्रेमचंद की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रेमचंद के पुत्र बलविंद्र सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। एएसपी अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
इस हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।
