मनमोहन शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि पंचायती राज संस्थानों निर्वाचन 2026 के तहत विकास खण्ड धर्मपुर की 26 ग्राम पंचायतों में कुल 36,869 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 18,927 पुरुष तथा 17,942 महिला मतदाता शामिल हैं। पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं और मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष बनाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत धर्मपुर में सबसे अधिक 3,539 मतदाता दर्ज किए गए हैं, जबकि बनसार पंचायत में 937 मतदाता मतदान करेंगे। कसौली गड़खल पंचायत में 2,267 तथा जंगेशु पंचायत में 1,869 मतदाता अपने वोट डालेंगे। वहीं जाबली, कोटबेजा, टकसाल और गड़खल सनावर पंचायतों में भी मतदाताओं की संख्या काफी अधिक है।

प्रशासन के अनुसार पंचायत स्तर पर मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ मतदान कर्मियों की तैनाती भी सुनिश्चित की जा रही है ताकि चुनाव प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार विकास खण्ड धर्मपुर में 26, 28 और 30 मई 2026 को सुबह 7 बजे से शाम 3 बजे तक मतदान कराया जाएगा। चुनाव को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में भी उत्साह का माहौल देखा जा रहा है और लोग लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने की तैयारी कर रहे हैं।

धर्मपुर क्षेत्र में पंचायत चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं और प्रत्याशी लगातार जनसंपर्क अभियान में जुटे हुए हैं।

error: Content is protected !!