पंचायती राज संस्थानों के निर्वाचन 2026 को लेकर विकास खण्ड कुनिहार में चुनावी तैयारियां तेज हो गई हैं। ज़िला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि कुनिहार विकास खण्ड की 58 ग्राम पंचायतों में कुल 74,873 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 37,962 पुरुष तथा 36,911 महिला मतदाता शामिल हैं।

प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार कई पंचायतों में मतदाताओं की संख्या काफी अहम मानी जा रही है। ग्राम पंचायत दाड़ला में सबसे अधिक 2,512 मतदाता दर्ज किए गए हैं, जिनमें 1,269 पुरुष और 1,243 महिला मतदाता शामिल हैं। वहीं ग्राम पंचायत पारनु में कुल 1,869 मतदाता मतदान करेंगे।

इसके अलावा ग्राम पंचायत चाखड़ में 1,433, क्यारड़ में 1,492 और रौड़ी पंचायत में 1,499 मतदाता अपने वोट का प्रयोग करेंगे। ग्राम पंचायत मांगू की खास बात यह है कि यहां पुरुष और महिला मतदाताओं की संख्या बराबर यानी 670-670 दर्ज की गई है।

उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से सम्पन्न करवाने के लिए प्रशासन सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर रहा है। मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के भी निर्देश जारी किए गए हैं।

राजनीतिक गतिविधियों के बीच अब ग्रामीण क्षेत्रों में चुनावी माहौल पूरी तरह गर्माने लगा है। पंचायत प्रतिनिधियों के चुनाव को लेकर गांव-गांव में चर्चाएं तेज हैं और मतदाता भी इस बार विकास के मुद्दों को प्राथमिकता देने की बात कर रहे हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि पंचायत चुनावों में अधिक मतदान प्रतिशत स्थानीय विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

सोलन में 3.52 लाख वोटर करेंगे मतदान

error: Content is protected !!