राजीव ख़ामोश , कुठाड़ : ज़िला सोलन के कसौली उपमंडल के अंतर्गत आने वाली कृष्णगढ़ कुठाड़ पंचायत में रविवार को आयोजित ओला बाबा पीर मेला श्रद्धा, उत्साह और भाईचारे के माहौल में संपन्न हुआ। मेले में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लेकर धार्मिक आस्था का परिचय दिया। कार्यक्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक Ram Kumar Chaudhary ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। मेला स्थल पर पहुंचने पर आयोजकों और स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। विधायक ने ओला बाबा की दरगाह पर माथा टेककर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

कार्यक्रम में कुठाड़ के राणा अरुण सेन, जिला परिषद उम्मीदवार रंजना, बीडीसी उम्मीदवार अनीता, पूर्व प्रधान कैलाश शर्मा और पूर्व उपप्रधान पुष्पेंद्र पप्पी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। मेला कमेटी के प्रधान मनोज कश्यप और गुलाम साबर ने मुख्यातिथि व अन्य विशिष्ट अतिथियों को शॉल और हिमाचली टोपी पहनाकर सम्मानित किया।
पंचायती राज चुनावों के माहौल के बीच जिला परिषद उम्मीदवार रंजना और बीडीसी उम्मीदवार अनीता ने लोगों से अपने पक्ष में समर्थन और वोट देने की अपील भी की। विधायक राम कुमार चौधरी ने अपने संबोधन में लोगों से लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए सही उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करने का आग्रह किया।

मुख्यातिथि ने मेला आयोजन के लिए अपनी ऐच्छिक निधि से 20 हजार रुपये की घोषणा के साथ साथ दंगल प्रतियोगिता के लिए 5000 रुपये की राशि प्रदान करने की घोषणा की। विधायक की इस घोषणा से मेला आयोजकों और स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल देखने को मिला।
इस मेले में आयोजित दंगल में मन्नू पहलवान (जगजीतनगर) ने सूरज (बोहली) को हराकर माली अपने नाम की . इस अवसर पर मेला विधायक राम कुमार चौधरी के साथ कुठाड़ के राणा अरुण सेन , कृष्णगढ़ उपतहसील के तहसीलदार सूरत सिंह , मेला कमेटी के प्रधान मनोज कश्यप , गुलाम साबर , ग्राम पंचायत दाड़वा के पूर्व प्रधान रमेश चंद , मंडेसर से राणा रूद्रप्रताप सिंह , समाज सेवी सुदर्शन शर्मा , चिडू का पानी हनुमान मन्दिर के संरक्षक श्रवण स्वरुप ब्रह्मचारी , दिनेश कुमार सहित पुलिस प्रशासन , अन्य विभागों के अधिकारी और क्षेत्र की जनता मौजूद रही .
