राजीव ख़ामोश , कुठाड़ : जिला सोलन के कसौली उपमंडल की ग्राम पंचायत चंडी में दो दिवसीय जिला स्तरीय माँ चंडी मेला विधिवत रूप से आरम्भ हुआ। दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक राम कुमार चौधरी ने माँ चंडी मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की खुशहाली की कामना की तथा हवन में भाग लिया। इसके बाद उन्होंने झंडा चढ़ाने की परम्परा निभाकर मेले का शुभारम्भ करवाया।

मेला कमेटी और स्थानीय लोगों ने विधायक का ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया। मेला स्थल पर उन्हें शाल, टोपी और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। विधायक ने माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारम्भ भी किया, जिसमें विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं।
अपने संबोधन में राम कुमार चौधरी ने कहा कि मेले हमारी संस्कृति और परंपराओं के प्रतीक हैं तथा चंडी क्षेत्र के लोगों ने इस धरोहर को जीवंत बनाए रखा है। उन्होंने मेले के आयोजन के लिए अपनी ऐच्छिक निधि से 50 हजार रुपये देने की घोषणा की। इस अवसर पर बलवंत ठाकुर, रमेश ठाकुर, चन्द्रमोहन शर्मा, हंसराज शर्मा, विनोद राघव, विनोद डोगरा, राहुल Sharma और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
