सोलन नगर निगम चुनाव के सभी 17 वार्डों के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने परिणामों की आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि इस बार नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 17 में से 10 वार्डों पर जीत हासिल की है, जबकि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने 7 वार्डों में सफलता प्राप्त की।
चुनाव परिणामों में कई वार्डों में कड़ा मुकाबला देखने को मिला। देहूंघाट सपरून, रेलवे स्टेशन, चम्बाघाट सलोगड़ा, लोअर बाजार, जवाहर पार्क, शिल्ली रोड, डिग्री कॉलेज, सनी साइड, तहसील पटरार और रबौण आंजी वार्ड में भाजपा उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। वहीं ठोडो ग्राउंड, मधुबन कॉलोनी, चौंरीघाटी, कलीन, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी और बसाल पट्टी कथेड़ सहित कुल 7 वार्ड कांग्रेस के खाते में गए।
सबसे बड़ी जीत भाजपा की सीमा ने रबौण आंजी वार्ड से 524 मतों के अंतर से हासिल की। दूसरी ओर कांग्रेस की सुलक्षणा ने हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी वार्ड में 510 मतों की बड़ी जीत दर्ज कर अपनी मजबूत राजनीतिक पकड़ का परिचय दिया।
कुछ वार्डों में बेहद रोमांचक मुकाबले भी देखने को मिले। शिल्ली रोड वार्ड में भाजपा प्रत्याशी सुरेन्द्र कुमार ने मात्र 16 मतों से जीत हासिल की, जबकि रेलवे स्टेशन वार्ड में भाजपा उम्मीदवार सुषमा शर्मा केवल 13 मतों के अंतर से विजयी रहीं।
चुनाव परिणामों के बाद सोलन नगर निगम की राजनीति में नए समीकरण बनने की संभावना है। भाजपा को बहुमत मिलने से नगर निगम की सत्ता पर उसका दावा मजबूत माना जा रहा है। वहीं कांग्रेस भी सात वार्डों में जीत के साथ एक मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाने की स्थिति में नजर आ रही है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इन परिणामों का प्रभाव आने वाले स्थानीय और क्षेत्रीय चुनावों पर भी देखने को मिल सकता है। अब सभी की निगाहें नगर निगम के आगामी नेतृत्व और विकास योजनाओं पर टिकी हुई हैं।
