राजीव ख़ामोश , कुठाड़ : बी.एल. सेंट्रल पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, कुनिहार के लिए यह अत्यंत गौरव और सम्मान का अवसर रहा जब विद्यालय का चयन हिमाचल प्रदेश विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण परिषद द्वारा ग्रीन स्कूल कार्यक्रम के अंतर्गत एयर मैनेजर (वायु प्रबंधन) श्रेणी में राज्य स्तर पर किया गया।
विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर शिमला में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में विद्यालय की इको क्लब प्रभारी दिनाक्षी ठाकुर तथा इको क्लब छात्रा सुमृता ठाकुर को पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा सम्मानित किया गया।
यह सम्मान विद्यालय द्वारा पर्यावरण जागरूकता, स्वच्छ वायु, हरित गतिविधियों तथा सतत विकास के लिए किए गए सराहनीय प्रयासों की मान्यता है। समारोह में विज्ञान पर्यवेक्षक अमरीश शर्मा, जिला सोलन कार्यालय उप निदेशक स्कूल शिक्षा (प्रारंभिक) भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
विद्यालय की इको क्लब प्रभारी दिनाक्षी ठाकुर के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने वर्षभर वृक्षारोपण अभियान, स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम, प्लास्टिक मुक्त परिसर अभियान, जैव विविधता संरक्षण, वायु गुणवत्ता सुधार तथा पर्यावरण शिक्षा से संबंधित विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई। इन्हीं प्रयासों के परिणामस्वरूप विद्यालय को यह प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय सम्मान प्राप्त हुआ।
विद्यालय अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए दिनाक्षी ठाकुर, छात्रा सुमृता ठाकुर तथा इको क्लब के सभी सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान विद्यालय की पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
पीटीए अध्यक्ष रतन तंवर, सभी अध्यापकों, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार ने भी इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों और इको क्लब टीम को शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय प्रशासन ने कहा कि भविष्य में भी विद्यालय हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा तथा विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करता रहेगा।
