अर्की के चौगान मैदान में महावीर दंगल समिति एवं लोक निर्माण विभाग अर्की मंडल द्वारा आयोजित 64वें विशाल दंगल कार्यक्रम में क्षेत्र के विधायक संजय अवस्थी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि परंपरागत खेलों को संजोए रखना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।
संजय अवस्थी ने कहा कि दंगल भारतीय संस्कृति और परंपरा का अभिन्न हिस्सा है तथा इसे इसके मूल स्वरूप में संरक्षित रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा निखारने का अवसर मिलता है और वे नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर अपने भविष्य को उज्ज्वल बना सकते हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय दंगल आधुनिक कुश्ती का आधार है और आज भारतीय महिला एवं पुरुष पहलवान विश्व स्तर पर देश का नाम रोशन कर रहे हैं। दंगल और कबड्डी जैसे पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने में इस प्रकार के आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने खिलाड़ियों के लिए पुरस्कार राशि में ऐतिहासिक बढ़ोतरी की है, जिससे युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करने में मदद मिलेगी।
संजय अवस्थी ने युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा समाज के सामने गंभीर चुनौती बनकर उभरा है और इससे निपटने के लिए सरकार हर स्तर पर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर विधायक ने महावीर दंगल समिति को अपनी ओर से 21 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की। कार्यक्रम में खंड कांग्रेस समिति अर्की के अध्यक्ष सतीश कश्यप, उपमंडलीय पुलिस अधिकारी दाड़लाघाट नवीन झालटा, लोक निर्माण विभाग अर्की के अधिशाषी अभियंता कृष्ण कांत, नगर पंचायत अर्की के नवनिर्वाचित पार्षद तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे
