अर्की विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि खेल युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि प्राचीन और आधुनिक खेल न केवल शारीरिक दक्षता बढ़ाते हैं बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना का भी विकास करते हैं।
वे ग्राम पंचायत दाड़लाघाट में आयोजित पारंपरिक दंगल समारोह को संबोधित कर रहे थे। विधायक ने युवाओं से पारंपरिक खेलों को अपनाने और उन्हें आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को खेलों से जोड़ने और नशे के खिलाफ जागरूक करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। एंटी चिट्टा जागरूकता अभियान के माध्यम से युवाओं को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों से अवगत कराया जा रहा है तथा खेल एवं व्यायाम के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
संजय अवस्थी ने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने दाड़लाघाट अस्पताल में डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ के रिक्त पद भरने का मामला सरकार के समक्ष उठाने तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों की शीघ्र नियुक्ति का भरोसा दिया।
उन्होंने बताया कि दाड़लाघाट में खेल स्टेडियम के निर्माण के लिए भूमि का चयन हो चुका है और औपचारिकताएं अंतिम चरण में हैं। साथ ही स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की बिक्री के लिए दुकानें तथा युवाओं के लिए आधुनिक पुस्तकालय भी स्थापित किए जाएंगे।
विधायक ने दंगल समिति को 31 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को जनहित के मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य मीनाक्षी ठाकुर, ग्राम पंचायत दाड़लाघाट के प्रधान श्याम चौधरी, उपप्रधान हेमराज गौतम, बसंतपुर पंचायत के उपप्रधान धनीराम, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


