राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धर्मपुर में आयोजित एंटी चिट्टा जागरूकता कार्यक्रम में उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने कहा कि नशे के खिलाफ जनजागरूकता ही इस सामाजिक बुराई को जड़ से खत्म करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

उपायुक्त ने कहा कि चिट्टा और अन्य मादक पदार्थों का बढ़ता प्रचलन युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। उन्होंने कहा कि नशे की समस्या अब प्रदेश के दूर-दराज क्षेत्रों तक पहुंच चुकी है, इसलिए इसे रोकने के लिए प्रशासन और समाज दोनों की साझा जिम्मेदारी है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी नशे से जुड़ी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत प्रशासन या पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

मनमोहन शर्मा ने बताया कि जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से एंटी चिट्टा अभियान को जन आंदोलन का रूप दिया जा रहा है। प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से भी बच्चों की गतिविधियों, मित्र मंडली और व्यवहार पर विशेष नजर रखने की अपील की ताकि समय रहते किसी भी गलत आदत की पहचान कर उन्हें नशे से बचाया जा सके।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नशा निवारण विषय पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर सभी को जागरूक किया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत धर्मपुर के प्रधान महेश गुप्ता, विद्यालय की प्रधानाचार्य धर्मवीर कौर, विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

परवाणू दशहरा ग्राउंड में होगा जिला स्तरीय अंतरराष्ट्रीय योग दिवस आयोजन

error: Content is protected !!