अतिरिक्त उपायुक्त राहुल जैन ने कहा कि 21 जून 2026 को आयोजित होने वाले 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सोलन जिले का जिला स्तरीय कार्यक्रम परवाणू के सेक्टर-5 स्थित दशहरा ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में तैयारियों की समीक्षा के लिए एक बैठक आयोजित की गई।
राहुल जैन ने बताया कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “वृद्ध अवस्था के लिए स्वस्थ योग” निर्धारित की गई है। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जिले की सभी आयुष संस्थाओं में भी योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए योग अत्यंत महत्वपूर्ण है और नियमित योग से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बेहतर रहता है। उन्होंने लोगों से जिला आयुर्वेदिक अस्पताल में प्रतिदिन सुबह 6:00 बजे से 7:00 बजे तक आयोजित होने वाली निःशुल्क योग कक्षाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया।
बैठक में जिला आयुष अधिकारी डॉ. निशा वर्मा ने योग दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित रंजन तलवार, जिला कल्याण अधिकारी विवेक अरोड़ा, जिला नोडल अधिकारी (योग) डॉ. मंजेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
