जिला सोलन में 28 जून 2026 को राष्ट्रीय प्लस पोलियो अभियान आयोजित किया जाएगा। इस अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 83 हजार बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। यह जानकारी उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने जिला स्तरीय परामर्श, जिला प्रतिरक्षण कार्य बल (प्लस पोलियो, एचपीवी टीकाकरण एवं एचआईवी) की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।

उपायुक्त ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में 443 पोलियो बूथ तथा 10 मोबाइल टीमें तैनात की जाएंगी। जो बच्चे 28 जून को पोलियो की खुराक लेने से वंचित रह जाएंगे, उन्हें 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर दवा पिलाएंगी।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, बैरियर और शूलिनी मेले में भी विशेष पोलियो बूथ स्थापित किए जाएं ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।

बैठक में उपायुक्त ने बताया कि जिले में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की लगभग 5 हजार किशोरियों को एचपीवी (Human Papillomavirus) वैक्सीन लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों को यह निःशुल्क एवं सुरक्षित टीका अवश्य लगवाएं। यह टीका प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा लगाया जा रहा है और सर्वाइकल कैंसर से बचाव में प्रभावी है।

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को एचआईवी एवं एड्स के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए ग्राम स्तर पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित रंजन तलवार ने एचआईवी एवं एड्स अधिनियम की जानकारी दी, जबकि जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गगनदीप ने प्लस पोलियो अभियान और एचपीवी टीकाकरण की विस्तृत प्रस्तुति दी। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!