सोलन जिले में भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष मनमोहन शर्मा ने सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने जिले के सभी उपमंडलों, तहसीलों और दूरदराज क्षेत्रों में 24×7 कंट्रोल रूम स्थापित करने तथा आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल तैयार रखने को कहा है।
उपायुक्त ने नदी-नालों, जल निकायों, बाढ़ और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पर्यटकों और स्थानीय लोगों को संवेदनशील क्षेत्रों से दूर रहने तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि भारी वर्षा, भूस्खलन, सड़क अवरोध या किसी भी प्रकार के नुकसान की सूचना तुरंत जिला आपातकालीन संचालन केंद्र को दें ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
