राजीव ख़ामोश , कुठाड़ : जिला सोलन के कसौली उपमंडल की ग्राम पंचायत चामियां में मंदिर कमेटी द्वारा आयोजित पारंपरिक चौंरी मेला बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर समाजसेवी राजीव कपिल मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि अनिल आंगिरस और नंद लाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
मेला स्थल पर पहुंचने पर मुख्यातिथि एवं अन्य अतिथियों का स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। राजीव कपिल ने भगवान शिव, धारवाले देवता एवं शनिदेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

मेले के दौरान स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। मेला अध्यक्ष नरेश ठाकुर ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्रवासियों की उन्नति और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर जगजीतनगर के अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त पहलवान मंदीप मनु को सम्मानित किया गया। साथ ही मेले में भाग लेने वाले बच्चों को भी पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
अपने संबोधन में राजीव कपिल ने कहा कि मेले हमारी सांस्कृतिक विरासत, आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक दौर में पारंपरिक मेलों को संरक्षित रखना आवश्यक है ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी संस्कृति से जुड़ी रहें। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज को नुकसान पहुंचाता है।
मुख्यातिथि ने मेले के सफल आयोजन के लिए अपनी ओर से ₹31,000 की सहायता राशि भी प्रदान की। कार्यक्रम में आचार्य देवकी नंदन शर्मा, मेला कमेटी के सदस्य एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


