सोलन में बेटियों के स्वास्थ्य को लेकर एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय पाठक ने एच.पी.वी. (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण को लेकर ज़िला स्तर पर वर्चुअल बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए।

बैठक में सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा गया कि वे स्कूलों में जाकर 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की लड़कियों से सीधे संवाद करें। साथ ही उनके अभिभावकों से संपर्क स्थापित कर टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

डॉ. पाठक ने कहा कि एच.पी.वी. टीकाकरण सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव में बेहद कारगर है। उन्होंने यह भी बताया कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है और दुनिया के 150 से अधिक देशों में इसका सफलतापूर्वक उपयोग किया जा रहा है। भारत में भी पिछले लगभग 15 वर्षों से इसका इस्तेमाल हो रहा है, जो इसकी विश्वसनीयता को साबित करता है।

कई जगहों पर टीकाकरण को लेकर फैली भ्रांतियां अभी भी लोगों को रोक रही हैं। इसे ध्यान में रखते हुए निर्देश दिए गए हैं कि स्त्री रोग विशेषज्ञ और शिशु रोग विशेषज्ञ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया के माध्यम से सही जानकारी लोगों तक पहुंचाएं।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि फील्ड स्टाफ को सक्रिय करते हुए घर-घर स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि कोई भी बेटी इस महत्वपूर्ण सुरक्षा से वंचित न रहे।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे बिना किसी डर या संकोच के अपनी बेटियों का HPV टीकाकरण अवश्य करवाएं। यह एक छोटा कदम है, जो भविष्य में बड़ी बीमारी से बचाव कर सकता है।

इस वर्चुअल बैठक में सायरी, धर्मपुर, नालागढ़, बद्दी, अर्की और चंडी के खंड चिकित्सा अधिकारियों सहित जिला कार्यक्रम अधिकारी भी शामिल हुए।

कुठाड़ : फायर वीक में जागरूकता अभियान शुरू

error: Content is protected !!