राजीव ख़ामोश , कुठाड़ : शिक्षा जगत से बड़ी प्रेरणादायक खबर सामने आई है। क्षेत्र के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान बी.एल. सेंट्रल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, कुनिहार के मेधावी छात्र शिवम् तंवर ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित साइंस ओलंपियाड में गोल्ड मैडल जीतकर इतिहास रच दिया है। इस उपलब्धि के बाद पूरे इलाके में खुशी और गर्व का माहौल है।
सिल्वर जोन फाउंडेशन द्वारा आयोजित “इंटरनेशनल ओलंपियाड ऑफ साइंस” परीक्षा में शिवम् तंवर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। उनकी इस सफलता ने न केवल विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऊंचा कर दिया है।
इस बड़ी उपलब्धि के उपलक्ष्य में विद्यालय परिसर में एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ओलंपियाड परीक्षा में भाग लेने वाले सभी 31 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। विद्यालय अध्यक्ष श्री गोपाल शर्मा ने बताया कि यह परीक्षा छात्रों की वैज्ञानिक समझ, तार्किक क्षमता और विश्लेषणात्मक सोच को परखने का एक महत्वपूर्ण मंच है।
समारोह के दौरान शिवम् तंवर को गोल्ड मैडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही अन्य विद्यार्थियों को भी प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर श्री गोपाल शर्मा ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं छात्रों के आत्मविश्वास को बढ़ाती हैं और उन्हें भविष्य के लिए तैयार करती हैं।
उन्होंने परीक्षा प्रभारी श्री इशान भाटिया के प्रयासों की भी सराहना की और कहा कि उनके मार्गदर्शन के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी। उनके समर्पण और मेहनत ने विद्यार्थियों को इस मुकाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
पीटीए अध्यक्ष श्री रतन तंवर ने भी इस मौके पर विद्यार्थियों को बधाई दी और कहा कि शिवम् तंवर की सफलता अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा बनेगी। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों के समर्पण की प्रशंसा करते हुए कहा कि यही कारण है कि विद्यालय लगातार उत्कृष्ट परिणाम दे रहा है।
कार्यक्रम में मौजूद सभी शिक्षकों ने भी छात्रों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पूरे विद्यालय में इस उपलब्धि को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला।
