पी.एम. श्री जवाहर नवोदय विद्यालय कुनिहार में शैक्षणिक सत्र 2027 के लिए कक्षा 6 में प्रवेश हेतु आयोजित होने वाली निःशुल्क चयन परीक्षा के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित थी, जिसे अब बढ़ाकर 07 अगस्त 2026 कर दिया गया है।
विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में कक्षा 5 में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थी नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (JNVST 2027) के लिए निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है।
उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइटों पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करते समय विद्यार्थियों को आवश्यक दस्तावेज और सही जानकारी दर्ज करने की सलाह दी गई है ताकि आवेदन बिना किसी त्रुटि के स्वीकार हो सके।
प्राचार्य ने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (JNVST 2027) का आयोजन 28 नवंबर 2026 को निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। इच्छुक अभिभावकों और विद्यार्थियों से अपील की गई है कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करें।
