हिमाचल प्रदेश की बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर सफलता के नए आयाम स्थापित कर रही हैं। इसी कड़ी में बिलासपुर जिला के घुमारवीं उपमंडल के पलसोटी गांव की होनहार बेटी ज्योति शर्मा ने पूरे प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। ज्योति का चयन प्रतिष्ठित ऑल इंडिया AIIMS नर्सिंग ऑफिसर पद के लिए हुआ है। सबसे खास बात यह रही कि उन्होंने इस कठिन राष्ट्रीय परीक्षा में पूरे देशभर में 22वीं रैंक हासिल कर शानदार उपलब्धि अपने नाम की है।

ज्योति शर्मा की इस बड़ी सफलता से परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनके पिता प्यारे लाल जिला सत्र न्यायालय में सीनियर असिस्टेंट के पद पर कार्यरत हैं, जबकि माता कंचन देवी गृहिणी हैं। परिवार का कहना है कि ज्योति बचपन से ही पढ़ाई में बेहद मेधावी रही हैं और हमेशा अपने लक्ष्य को लेकर गंभीर रहती थीं। उनकी मेहनत, अनुशासन और समर्पण ने आज उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है।

जैसे ही ज्योति की सफलता की खबर गांव पलसोटी और घुमारवीं क्षेत्र में पहुंची, लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। स्थानीय लोगों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का पल बताया है। ग्रामीणों का कहना है कि ज्योति की उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेगी।

ज्योति शर्मा की यह सफलता साबित करती है कि अगर लक्ष्य बड़ा हो और मेहनत सच्ची हो तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती। हिमाचल प्रदेश की इस बेटी ने आज हजारों युवाओं को सपने देखने और उन्हें पूरा करने की नई प्रेरणा दी है।

मां-बाप को खोने के बाद भी नहीं टूटी श्रुति, हिमाचल मेरिट में हासिल किया चौथा स्थान

error: Content is protected !!