राजीव ख़ामोश , कुठाड़ : कृष्णगढ़ पब्लिक स्कूल कुठाड़ ने इस वर्ष हिमाचल प्रदेश शिक्षा बोर्ड की 10वीं कक्षा की परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। स्कूल के मेधावी विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर अपनी मेहनत और विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत किया है।
विद्यालय के छात्र शिवम् शर्मा और यश शर्मा ने 700 में से 645 अंक प्राप्त कर 92.14 प्रतिशत के साथ संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया। वहीं मयंक शर्मा ने 615 अंक लेकर 87.86 प्रतिशत के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा सोनाक्षी शर्मा ने 584 अंक हासिल कर 83.43 प्रतिशत के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। विद्यार्थियों की इस सफलता से पूरे विद्यालय में खुशी का माहौल है।
स्कूल के मुख्याध्यापक दिनेश तंवर ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष 10वीं बोर्ड परीक्षा में विद्यालय के कुल 17 विद्यार्थियों ने भाग लिया था। इनमें से अधिकांश विद्यार्थियों ने अच्छे अंकों के साथ परीक्षा उत्तीर्ण की है, जबकि दो विद्यार्थियों की कम्पार्टमेंट आई है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग से यह शानदार परिणाम संभव हो पाया है।
विद्यालय प्रबन्धक दया शर्मा, अध्यापक वर्ग और अभिभावकों ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। क्षेत्र के लोगों ने भी स्कूल के बेहतरीन परीक्षा परिणाम की सराहना करते हुए विद्यार्थियों की सफलता को प्रेरणादायक बताया है।
