राजीव ख़ामोश , कुठाड़ : राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बढ़लग ने इस वर्ष 10वीं बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यालय का परीक्षा परिणाम 92 प्रतिशत रहा, जिससे विद्यालय परिवार, अभिभावकों और स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है। विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का यह परिणाम अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
इस वर्ष विद्यालय की मेधावी छात्रा सिमरन ने 700 में से 677 अंक प्राप्त कर विद्यालय में पहला स्थान हासिल किया। वहीं दिव्यांशी ने 670 अंक लेकर दूसरा तथा आयुषी ने 665 अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया। तीनों छात्राओं की इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रशासन ने उन्हें सम्मानित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
जानकारी के अनुसार इस वर्ष विद्यालय से कुल 24 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 22 विद्यार्थी सफल रहे। एक विद्यार्थी को कम्पार्टमेंट मिली जबकि एक विद्यार्थी परीक्षा में सफल नहीं हो पाया। विद्यालय के उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम ने यह साबित कर दिया कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी भी मेहनत और सही मार्गदर्शन के दम पर बड़ी सफलता हासिल कर सकते हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि यह उपलब्धि छात्रों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी तरह लगन और अनुशासन के साथ पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के शानदार परीक्षा परिणाम से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। स्थानीय लोग और अभिभावक लगातार विद्यार्थियों को बधाइयां दे रहे हैं। यह सफलता आने वाले वर्षों में अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
